पश्चिम मेदिनीपुर, 16 अप्रैल । वैशाख की तेज गर्मी और कड़ी धूप के बावजूद गुरुवार को दांतन विधानसभा क्षेत्र में मानिक माइती के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे देव को देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। हर कोई अपने क्षेत्र के लोकप्रिय अभिनेता और सांसद देव की एक झलक पाने के लिए उत्सुक था। अभिनेता का लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
मोहनपुर इलाके के गोमुंडा से बोड़ाई तक सत्तारूढ़ दल की ओर से एक बड़ा रोड शो निकाला गया। खुली गाड़ी में जैसे ही देव पहुंचे, शंखध्वनि और नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। आठ साल के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में भारी उत्साह देखा गया। भीड़ इतनी अधिक थी कि उसे संभालने में पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ी।
रोड शो के दौरान माहौल तब और भी जोशीला हो गया, जब देव अचानक चलती गाड़ी के बोनट पर खड़े हो गए। फिल्मी अंदाज में हाथ हिलाकर उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। अपने पसंदीदा अभिनेता को इतने करीब देखकर समर्थक बेहद उत्साहित हो उठे।
गाड़ी के बोनट पर खड़े होकर ही देव ने लोगों से ममता बनर्जी के नेतृत्व में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मानिक माइती के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने लोगों से ‘जोड़ाफूल’ चुनाव चिन्ह पर वोट देने का आग्रह किया, जिस पर लोगों ने तालियों के साथ समर्थन जताया।
गौरतलब है कि इसी इलाके में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने भी रोड शो किया था, लेकिन उनका कार्यक्रम बीच में ही समाप्त हो गया था, जिससे कुछ समर्थकों में निराशा देखी गई थी। इसके विपरीत देव का पूरा रोड शो और लोगों से उनका सीधा संवाद स्थानीय लोगों को काफी प्रभावित करता नजर आया।
रोड शो खत्म होने के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। अपने पसंदीदा अभिनेता-सांसद के साथ फोटो खिंचवाने और उन्हें करीब से देखने की चाह लोगों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रही थी।
चुनाव 26 : दांतन में देव का रोड शो, मानिक माइती के लिए मांगे वोट





